पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पहुंचे भभुआ, कानून व्यवस्था का लिया जायजा

भभुआ पहुंचे पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश चंद्रशेखर झा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का किया अनावरण

पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पहुंचे भभुआ, कानून व्यवस्था का लिया जायजा
न्यायमूर्ति चंद्रशेखर झा (फाइल फोटो)

डेली न्यूज मिरर

भभुआ (26 फरवरी 2024)

रिपोर्ट: ब्रजेश दुबे 

पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश चंद्रशेखर झा शनिवार को कैमूर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ साथ कारागार का निरीक्षण किया।उन्होंने कैमूर स्थित परसियां केंद्रीय मंडलकारा में रेडियो दोस्ती , इंटरकम युक्त मुलाकाती कक्ष का उद्घाटन किया। उन्होंने जेल के भीतर की व्यवस्थाएं भी देखी। इस अवसर पर भभुआ के जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधेश्याम शुक्ला, डीएम सावन कुमार, एसपी लालित मोहन शर्मा, जेल अधीक्षक संदीप कुमार समेत जेल के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

रविवार सुबह न्यायमूर्ति ने भगवानपुर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर में दर्शन एवम् पूजा अर्चना की, परिसर में स्थित भगवान शिव की भी पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्हें चुन्नी एवं मां मुंडेश्वरी का चित्र भेंट किया गया। इस अवसर पर उनके साथ जिले के सभी न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। वे शनिवार शाम भभुआ पहुंचे और न्यायिक परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ बैठक भी की और रात्रि विश्राम उन्होंने कैमूर में ही किया।

क्या है रेडियो दोस्ती ?

रेडियो दोस्ती बंदियों के लिए अच्छी पहल है। इस पर वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे ताकि दूसरे बंदियों को भी लाभ मिल सके। इसमें सुबह में प्रार्थना गीत बजेगी, फिल्मी गाने भी बजाए जायेंगे, कहानियां सुनाई जाएंगी, एवं सरकार के कार्यक्रमों और योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। मंडलकारा के सभी वार्डों में माइक लगे हैं जिससे सभी वार्डो में आवाज पहुंचेगी।।