कुलपति के हस्तक्षेप के बाद सुलझा कर्मचारी संघ का मुद्दा | ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय 

गतिरोध खत्म हुआ और कर्मचारी काम पर वापस लौट गए हैं

कुलपति के हस्तक्षेप के बाद सुलझा कर्मचारी संघ का मुद्दा | ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय 

डेली न्यूज मिरर

दरभंगा | 07 मार्च 2024 | प्रहलाद कुमार 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में शिक्षोत्तर कर्मचारियों का आंदोलन स्थगित हो गया है। कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की पहल से गतिरोध खत्म हुआ और कर्मचारी काम पर वापस लौट गए हैं। कुलपति से वार्ता और सहमति पत्र मिलने के बाद कर्मचारी संघ ने संतुष्टि व्यक्त की और आंदोलन को वापस लेने का निर्णय लिया। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ ने छह मार्च से तीन दिन तक सामूहिक अवकाश पर रहते हुए विवि में धरना-प्रदर्शन तथा नौ मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। कर्मचारी संघ की घोषणा से बीते दिन मंगलवार को पूरे दिन गहमागहमी बनी रही। 

जिसके बाद विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों एवं संघ की वार्ता हुई, लेकिन विफल रही। इसके बाद कर्मचारी संघ ने आंदोलन की घोषणा कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही कुलपति प्रो. चौधरी ने संघ को वार्ता के लिए बुलाया और देर रात विवि प्रशासन और कर्मचारी संघ के बीच सहमति बनी। इसके बाद बुधवार को कर्मचारी संघ ने आंदोलन स्थगित करते हुए कर्मचारियों से काम पर वापस आने का आह्वान किया। 

बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर यादव ने बताया कि मंगलवार को दिन में कुलसचिव, वित्त परामर्शी एवं कुलानुशासक के साथ  उनकी वार्ता विफल रही थी, लेकिन देर शाम उन्हें वार्ता के लिए कुलपति आवास पर बुलाया गया। वहां कुलपति के साथ विस्तार से वार्ता हुई। कुलपति ने तीन माह में प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विवि प्रशासन एवं कर्मचारी संघ एकमत हुए और सहमति पत्र पर दोनों पक्षों ने हस्ताक्षर किया। अध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारी संघ ने विवि प्रशासन को छह सूत्री मांगपत्र सौंपा है जिसमें प्रोन्नति की अधिसूचना जारी करना प्रमुख मांग है। विवि अधिकारियों के साथ पहले दौर की वार्ता में चतुर्थ वर्ग के कर्मियों के प्रोन्नति मामले पर पेंच फंसा था, लेकिन कुलपति ने आश्वस्त किया कि सभी कोटि के कर्मचारियों की प्रोन्नति की प्रक्रिया सभी निर्धारित नियम-परिनियम एवं मानों के अनुसार अधिकतम तीन महीने में संपन्न करा ली जाएगी। इससे संबंधित सहमति पत्र भी विवि प्रशासन की ओर से कर्मचारी संघ को सौंपा गया है। कुलपति के साथ बातचीत में कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर यादव, लनामिवि कर्मचारी संघ के सचिव मनोज कुमार राम, उपाध्यक्ष अशोक कुमार अरविन्द, कोषाध्यक्ष अमृत नाथ झा व साकेत कुमार मिश्रा शामिलथे, जबकि विवि प्रशासन की ओर कुलसचिव डॉ. अजय कुमार पंडित, कुलानुशासक प्रो. अजय नाथ झा, डीडीई निदेशक प्रो. एचके सिंह, डीआर वन डॉ. कामेश्वर पासवान मौजूद रहे।।