लोकसभा चुनाव 2024: दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में आज होगा पहले चरण का मतदान, इन 10 सीटों पर रहेगी सबकी नजर

लोकसभा चुनाव 2024: दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में आज होगा पहले चरण का मतदान, इन 10 सीटों पर रहेगी सबकी नजर
प्रतीकात्मक फोटो

डेली न्यूज़ | mirror

नई दिल्ली | शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024 | शक्ति तिवारी

लोकसभा चुनाव 2024 का श्रीं गणेश आज होने जा रहा है, जिसमें आज शुक्रवार को देश के 102 सीटों पर पहले चरण में मतदान होगा। पहले चरण में कई मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मैदान में हैं, जिनपर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इस चरण में एक पूर्व राज्यपाल, 2 पूर्व मुख्यमंत्री और 9 केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में ही 2 राज्यों में भी चुनाव होगा जिसमें अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम के 6 बजे तक होगा। पहले चरण के वोटिंग में 10 ऐसे राज्य हैं जिनमें पहले चरण में ही सभी सीटों के लिए मतदान हो जायेगा।

चुनाव आयोग के अनुसार पहले चरण के चुनाव में 102 लोकसभा सीटें, 16.63 करोड़ मतदाता, 1.87 लाख मतदान केंद्र, 18 लाख मतदान अधिकारी शामिल रहेंगे। करीब 35.60 लाख ऐसे मतदाता हैं जो पहली बार मतदान में शामिल होंगे।

वो 10 सीटें जिनपर रहेंगी सबकी नजर: 

1 . नागपुर (महाराष्ट्र): इस सीट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का मुकाबला कांग्रेस के विकास ठाकरे से है।

2 . मुज्जफ्फरनगर (यूपी): केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के सामने सपा के हरेंद्र मालिक और बसपा के दारा सिंह प्रजापति होंगे।

3 . अरुणाचल (पश्चिम): केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजु का मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री नबाम टुकी से है।

4 . छिंदवाड़ा(MP): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ का मुकाबला बीजेपी के बंटी साहू से होगा।

5 . सहारनपुर (UP): कांग्रेस के इमरान मसूद का मुकाबला बीजेपी के राघव लखनपाल से होगा।

6 . जोरहाट (असम): कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई का मुकाबला बीजेपी के गगन गोगोई से है।

7 . चेन्नई दक्षिण: तेलंगाना के पूर्व राज्यपाल सौंदर्यराजन बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं जिनका मुकाबला डीएमके के थंगापंडियाँ से है।

8 . शिवगंगा(तमिलनाडु): इस हॉट सीट पर कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ती चिदंबरम मैदान में हैं।

9 . उधमपुर (जम्मू कश्मीर): बीजेपी के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह का मुकाबला कांग्रेस के चौधरी लाल सिंह से है।

10 . बीकानेर (राजस्थान): केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और बीएसपी के खेतराम मेघवाल से है।

डेली न्यूज़ मिरर आप सभी मतदाताओं से आग्रह करता है की अपना वोट देने के अधिकार को सार्थक करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में जरूर सहभागी बनें और निश्चित रूप से वोट देने जाएं।।