उगापुर में अराजकतत्वों ने पुलिस चौकी के पास खड़ी ऑटोरिक्शा को जलाकर किया खाक

उगापुर में अराजकतत्वों ने पुलिस चौकी के पास खड़ी ऑटोरिक्शा को जलाकर किया खाक
सांकेतिक फोटो

डेली न्यूज़ | mirror

भदोही | 1 अप्रैल 2024 | प्रवीण चौबे

औराई। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा जहां अलर्ट होने का दावा कर रहा है। वहीं शनिवार की रात उगापुर पुलिस चौकी के समीप खड़ी आटो को मनबढ़ों ने फूंक दिया। गनीमत यह रही कि वहां खड़े अन्य वाहनों में आग नहीं लगी। उगापुर स्थित राम जानकी मंदिर के सामने आसपास के चालक दिनभर ऑटो चलाकर अपना जीविका पालन करते हैं। रात में ऑटो को राम जानकी मंदिर के सामने और परिसर में खड़ी कर अपने घर चले जाते हैं। शनिवार की रात आटो मालिक अनुज कुमार जायसवाल भी वहां आटो खड़ी कर घर चला गया। रात में अराजक तत्वों ने पहुंचकर एक ऑटो में आग लगा दिया, जिससे वह धू - धू कर जल गया। पीड़ित ने बताया कि होलिका दहन के दिन कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था, शक है कि उन्हीं लोगों ने ऑटो पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया होगा। पीड़ित ने बताया मैं रात 10 बजे वहां आटो खड़ी करने गया तो चौकी में कोई पुलिस के जवान नहीं थे। अब सवाल यह है कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए कोतवाली औराई से 4 किमी दूर खोली गई चौकी का औचित्य क्या है। स्थानीय लोगों ने भी स्वीकार किया कि पुलिस चौकी कब खुलती है कब बंद होती है, कुछ कहा नहीं जा सकता। पीड़ित ने बताया कि 112 नंबर को सूचना दी गई, पुलिस आई और जांच कर के चली गई।।