Bhadohi News: नगर पालिका बनाने के लिए भेजा गया छठवीं बार प्रस्ताव, नहीं हो रही कोई सुनवाई

Bhadohi News: नगर पालिका बनाने के लिए भेजा गया छठवीं बार प्रस्ताव, नहीं हो रही कोई सुनवाई

डेली न्यूज़ | mirror

भदोही | शनिवार, 6 अप्रैल 2024 | प्रवीण चौबे

ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाल सिंह ने नगर पंचायत ज्ञानपुर को पालिका परिषद बनाए जाने का प्रस्ताव प्रमुख सचिव नगर विकास को भेजा है। कहा है कि 90 फीसदी सरकारी दफ्तर नगर पंचायत के दायरे से बाहर हैं, जिससे व्यवस्थाओं के सुधार में दिक्कत होती है। पालिका बनने से काफी सहूलियत होगी। करीब डेढ़ दशक में छठवीं बार पालिका बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिले में दो नगर पालिका भदोही, गोपीगंज और पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, खमरिया, घोसिया, नई और सुरियावां शामिल है। जिला मुख्यालय स्थित ज्ञानपुर नगर पंचायत सबसे छोटी नगर पंचायत है, लेकिन कलेक्ट्रेट समेत 15 से अधिक विभाग इसकी सीमा से बाहर हैं। इससे वीआईपी के आने, साफ-सफाई के साथ अन्य व्वस्थाओं को बेहतर करने के लिए कर्मचारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत ज्ञानपुर को नगर पालिका परिषद बनाए जाने के लिए पहली बार 10 सितंबर 2008 को प्रस्ताव भेजा गया था। उसके बाद डेढ़ दशक में नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुरोध पर डीएम की तरफ से चार बार प्रस्ताव शासन को भेजा गया, लेकिन उस पर अमल नहीं किया गया। अब चार अप्रैल 2024 को डीएम विशाल सिंह ने प्रमुख सचिव नगर निकाय को पत्र लिखकर ज्ञानपुर नगर पंचायत को पालिका घोषित करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि ज्ञानपुर नगर के आसपास के गांव को नगर में समाहित करते हुए पालिका घोषित किया जाए। इससे कांशीराम आवास, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, पुलिस कार्यालय सरपतहां समेत अन्य सरकारी दफ्तर भी नगर में आ जाएंगे। इससे नगर पालिका कर्मचारियों को काम करने में सुविधा मिल सके। ज्ञानपुर। नगर पंचायत ज्ञानपुर को पालिका बनाने का पहला प्रस्ताव तत्कालीन डीएम की ओर से वर्ष 2008 में भेजा गया। उसके बाद 2012 में तत्कालीन डीएम सुरेंद्र सिंह, 2017 में डीएम विशाख जी और 2019 और 2020 में डीएम राजेंद्र प्रसाद ने प्रस्ताव शासन को भेजा था। पांच बार जिलाधिकारियों की तरफ से पत्र भेजने के बाद भी शासन ने अमल नहीं किया। अब डीएम विशाल सिंह ने पत्र भेजकर पालिका बनाने की मांग की है।