लोकसभा चुनाव को लेकर शह-मात का खेल जारी, यादवों को साधने में जुटी भाजपा

उत्तर प्रदेश में खेला शुरू, बीजेपी ने मैदान में उतारा अपना यादव सीएम

लोकसभा चुनाव को लेकर शह-मात का खेल जारी, यादवों को साधने में जुटी भाजपा

डेली न्यूज मिरर
लखनऊ (13 फरवरी 2024)

आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी बिसात बिछ गई है। चुनावी शंखनाद हो गया है। शह-मात का खेल जारी है। सभी सियासी पार्टियों की नजर लोकसभा चुनाव में अपने वोट बैंक पर है।ऐसे में देश का सबसे बड़ा प्रदेश जोकि राजनीतिक तौर पर भी देश का सबसे बड़ा सियासी अखाड़ा है, वहां भी अब खेल शुरू हो गया है।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने ओबीसी वोट बैंक और यादवों को अपने पाले में करने के लिए अपने यादव सीएम को मैदान में उतारा है। बता दें कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और हिंदुत्व के फायर ब्रांड नेता मोहन यादव को बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में उतारा है। मोहन यादव आज उत्तर प्रदेश में यादव बाहुल्य क्षेत्र का दौरा करेंगे। 

मिली जानकारी के मुताबिक मोहन यादव मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद और फिरोजाबाद का दौरा कर सकते हैं। ये ऐसे क्षेत्र हैं जहां का निर्णायक मतदाता यादव समाज है। ऐसे में बीजेपी की नजर यादवों को साधने और अपने पाले में करने पर है। मोहन यादव आजमगढ़ से इस पॉलिटिकल यात्रा की शुरुआत करेंगे।।