ये बजट विकसित भारत के लिए समर्पित बजट है: प्रधानमंत्री

Budget 2024

ये बजट विकसित भारत के लिए समर्पित बजट है: प्रधानमंत्री

डेली न्यूज मिरर
नई दिल्ली, 01 फरवरी 2024


केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज गुरुवार को संसद में अंतरिम बजट 2024 पेश किया। अंतरिम बजट 2024 की पीएम मोदी ने काफी तारीफ की है।प्रधानमंत्री ने बजट को लेकर कहा कि यह बजट विकसित भारत को समर्पित बजट है।

पीएम ने आगे कहा कि यह अंतरिम बजट विकास का समावेश है। इसमें निरंतरता का भरोसा है, यह विकसित भारत के चारों स्तंभों - युवा, गरीब, महिला और किसान को सशक्त बनाएगा। यह बजट साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की गारंटी भी देता है। विकसित भारत के लिए समर्पित है यह बजट।

लखपति दीदी योजना में वृद्धि को लेकर उन्होंने कहा कि हम एक बड़ा लक्ष्य तय करते हैं, उसे प्राप्त करते हैं और फिर उससे भी बड़ा लक्ष्य अपने लिए तय करते हैं।पीएम ने कहा कि हमने दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा था, अब इसे बढ़ाकर 3 करोड़ कर दिया है।

पीएम ने यह भी कहा कि " आज जिस इनकम टैक्स की नई स्कीम की घोषणा की गई, उससे मध्यम वर्ग के एक करोड़ लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पिछली सरकारों ने समान्य लोगों के सिर पर दशकों से ये बहुत बड़ी तलवार लटका कर रखी थी।"

पीएम ने किसानों के आय बढाने की बात करते हुए कहा कि किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। NANO DAP का उपयोग, पशुओं के लिए नई योजनाएं आदि से किसानों की आय बढ़ेगी और खर्च कम होगा।

युवाओं के लिए भी बजट में बहुत कुछ है। पीएम ने कहा कि इस बजट में युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिबिंब प्रदर्शित होता है।