बलिया वसूली कांड: फरार थानेदार पन्नेलाल गोरखपुर से गिरफ्तार, अब तक कुल 19 गिरफ्तार, मिर्जापुर में भी भ्रष्टाचार पर चला डंडा

बलिया वसूली कांड: फरार थानेदार पन्नेलाल गोरखपुर से गिरफ्तार, अब तक कुल 19 गिरफ्तार, मिर्जापुर में भी भ्रष्टाचार पर चला डंडा
पुलिस थाना नरही, बलिया

Daily News Mirror

बलिया| 29 जुलाई 2024| अभिषेक पांडेय

बलिया-बिहार बार्डर पर जबरन वसूली के मामले में फरार नरही थानाध्यक्ष पन्नेलाल को पुलिस ने उसके गृह जनपद गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकारी पुलिस उप महानिरीक्षक (आजमगढ़ जोन) वैभव कृष्ण ने दी है। इस मामले में अब पन्नेलाल सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 4 आरोपी अभी फरार हैं।

इस वसूलीकांड का भंडाफोड़ 25 जुलाई को हुआ था। मौके से 2 पुलिस वालों और 16 दलालों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में कोरांटडीह चौकी के सभी पुलिसकर्मियों और नरही थाने के थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया था। वसूलीकांड के पकड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने बलिया पुलिस कप्तान देव रंजन वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी का तबादला कर दिया जबकि सदर पुलिस उपाधीक्षक शुभ सूचित को निलंबित कर दिया गया था। 

बलिया वसूलीकांड के बाद से प्रदेश पुलिस एक्शन मोड में आई जिसके बाद कई जिलों में भ्रष्टाचार को लेकर ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। मिर्जापुर, सीतापुर समेत कई जिलों के पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की गई जो कि पिछले कई सालों से एक ही थाने पर तैनात थे और भ्रष्टाचार में लिप्त थे।।