एक्टर धर्मेंद्र को अस्पताल से मिली छुट्टी, स्वस्थ्य होकर घर लौटे, सोशल मीडिया पर लोगों ने दे डाली थी श्रद्धांजलि
Daily News Mirror/ Bollywood News
मुंबई, 12 नवंबर 2025: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को आज सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई। 89 वर्षीय 'ही-मैन' की सेहत को लेकर पिछले कई दिनों से फैन्स और परिवार चिंतित था, लेकिन अब वे स्वस्थ्य महसूस करते हुए घर लौट आए हैं। उनके बेटे बॉबी देओल ने एम्बुलेंस के जरिए उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया, जबकि उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा। इस खबर ने सोशल मीडिया पर खुशी की लहर दौड़ा दी है, जहां लाखों फैन्स शुभकामनाओं के साथ उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
धर्मेंद्र को 9 नवंबर को अचानक सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में उनकी हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि धर्मेंद्र का इलाज लंबे समय से उनके पास चल रहा है। "उन्हें आज सुबह 7 बजे डिस्चार्ज कर दिया गया है, लेकिन उनका इलाज घर पर जारी रहेगा। परिवार ने खुद ही उन्हें घर ले जाने का फैसला किया है," डॉक्टर ने कहा। 48 घंटों के बाद मिली यह छुट्टी परिवार और प्रशंसकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई।
परिवार के सदस्यों ने भी लगातार अपडेट देते हुए चिंता कम करने की कोशिश की। उनकी बेटी ईशा देओल ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि "पापा की हालत स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें।" वहीं, पत्नी हेमा मालिनी और बेटे सनी देओल व बॉबी देओल अस्पताल में डटे रहे। बॉबी ने सुबह ही अस्पताल पहुंचकर पिता को एम्बुलेंस में सवार कराया, जबकि सनी ने परिवार को संभाला। मौत की अफवाहें उड़ने पर ईशा और हेमा ने सोशल मीडिया यूजर्स को फटकार लगाई थी, जो अब गलत साबित हो गई हैं।बॉलीवुड के बड़े सितारे भी धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित दिखे। शाहरुख खान, सलमान खान, गोविंदा और आमिर खान समेत कई हस्तियां अस्पताल पहुंचीं, लेकिन आईसीयू में भर्ती होने के कारण मुलाकात मुश्किल रही। अस्पताल के बाहर बैरिकेडिंग लगाई गई थी, जो डिस्चार्ज के बाद हटा ली गई। एक सोर्स ने बताया कि धर्मेंद्र की हालत में काफी सुधार हुआ है, लेकिन वे अभी पूर्ण रूप से स्वस्थ नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हो गई है। ट्विटर (अब एक्स) पर #DharmendraHealth ट्रेंड कर रहा है, जहां फैन्स राहत जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "धरम पाजी स्वस्थ होकर लौट आए! ही-मैन की तरह ही मजबूत हैं।" जबकि दूसरे ने कहा, "अफवाहों ने दिल तोड़ दिया था, लेकिन अब खुशी है। जल्द स्वस्थ हों।" हालांकि, शुरुआती अफवाहों के चलते कुछ यूजर्स ने श्रद्धांजलि जैसी पोस्ट शेयर की थीं, जो अब डिलीट हो रही हैं। ज्यादातर पोस्ट अब शुभकामनाओं से भरे हैं, जैसे "धर्मेंद्र जी को घर लौटने पर बधाई! आपके शेर और शायरी का इंतजार है।"
धर्मेंद्र का फिल्मी सफर 60 साल से ज्यादा का है, जिसमें 'शोले', 'धर्मवीर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। हाल ही में वे सोशल मीडिया पर शायरी और वीडियो शेयर करते नजर आते थे, जो फैन्स को खूब पसंद आते थे। उम्मीद है कि जल्द ही वे फिर से स्क्रीन पर धमाल मचाएंगे। परिवार ने सभी प्रशंसकों का धन्यवाद किया है।।
What's Your Reaction?