कार्य में लापरवाही पर जूनियर इंजीनियर रविन्द्र कुमार निलंबित, जांच के आदेश

May 26, 2025 - 18:49
 0
कार्य में लापरवाही पर जूनियर इंजीनियर रविन्द्र कुमार निलंबित, जांच के आदेश
प्रतीकात्मक फोटो

डेली न्यूज मिरर 

गुरुग्राम (26 मई 2025): गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कार्य में घोर लापरवाही और बार-बार दिए गए निर्देशों की अनदेखी करने पर कड़ा कदम उठाते हुए कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सेक्टर-15 स्थित गुलमोहर पार्क के संपवेल पर पिछले लंबे समय से मोटर पंप के खराब पड़े होने और बिजली कनेक्शन की व्यवस्था न किए जाने के चलते की गई है। स्थानीय निवासियों को बरसात के मौसम में इससे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने हाल ही में स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कनिष्ठ अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मोटर पंप को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए और बिजली कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लेकिन इन निर्देशों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर पिछले एक वर्ष से यह समस्या बनी हुई थी, लेकिन संबंधित अधिकारी द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी कोई आवश्यक कदम नहीं उठाया गया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त ने कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र कुमार को निलंबित करने के साथ-साथ पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सार्वजनिक सेवाओं में कोताही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पहले ही चेतावनी दी थी कि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि निगम की छवि और जनता की सेवा में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow