मिर्जापुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रिपर से टकराया ट्रेलर, चालक की मौत

Jun 24, 2025 - 08:23
 0
मिर्जापुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रिपर से टकराया ट्रेलर, चालक की मौत
फोटो: घटनास्थल से

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। यह घटना पड़री थाना क्षेत्र के नेवढ़िया गांव के पास वाराणसी-मिर्जापुर हाईवे पर हुई, जहां एक खड़ी ट्रिपर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर में आग लग गई और चालक बुरी तरह घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, ट्रिपर डाला से भस्सी लादकर मिर्जापुर मंडी की ओर जा रही थी। नेवढ़िया गांव के पास ट्रिपर का टायर पंचर हो गया, जिसके कारण चालक ने वाहन को हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया और सामान लेने चला गया। इसी दौरान, डगमगपुर से गिट्टी लादकर भदोही जा रहा एक ट्रेलर तेज रफ्तार में आया और खड़ी ट्रिपर से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रिपर पलट गई, जबकि ट्रेलर में आग लग गई।

आग की लपटें देखकर आसपास टहल रहे लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर चालक को केबिन से बाहर निकाला और उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि, इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हैया लाल पाल (30 वर्ष), पुत्र विजयपाल, निवासी रामपुर बरहो, थाना राजगढ़, मिर्जापुर के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही पड़री पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर बहाल किया।

पड़री थाना प्रभारी दयाशंकर ओझा ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर और ट्रिपर को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow