Mahakumbh stampede: महाकुंभ मेले में भगदड़ से 30 लोगों की मौत, 60 घायल
महाकुंभ भगदड़ पर बोलते हुए भर आई योगी की आँखें, मृतकों के परिजनों को 25 लाख का किया ऐलान
Daily News Mirror
प्रयागराज| 29 जनवरी 2025| दुर्गा प्रसाद मिश्रा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले में बुधवार तड़के मची भगदड़ में अब तक कुल 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 60 लोग घायल हुए हैं। यह भगदड़ मौनी अमावस्या के अवसर पर संगम में पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने के बाद हुई। रात के करीब डेढ़ बजे मचे इस भगदड़ के बाद जल्द ही प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए शाही स्नान को फिर से शुरू करवा दिया। अनुमान के मुताबिक आज के स्नान के लिए करीब 8 करोड़ लोग पहुंचे थे।
वहीं अब हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने इसे विपक्ष की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि कहीं विपक्ष ने ही तो नहीं कुछ ऐसा किया जिसके कारण यह सब कुछ हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और इसमें अपने परिजनों को खोने वाले श्रद्धालुओं के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश सरकार के साथ निरंतर संपर्क में बने हुए हैं। घटना के बाद से प्रधानमंत्री मोदी लगातार सीएम योगी के संपर्क में थे और उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगदड़ के बाद स्थिति की समीक्षा के लिए लखनऊ में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं मेला में भगदड़ पर बोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ की आँखें भर आईं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए देने की घोषणा की।
इस बीच, संगम में अखाड़ों का स्नान सुबह के बजाय दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ। विभिन्न अखाड़ों के साधुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। नागा साधुओं ने संयम दिखाते हुए पहले खुद स्नान न करके आम जनमानस को स्नान के लिए आमंत्रित कर उदारता का परिचय दिया।।
What's Your Reaction?