RSS और BJP के बीच खटपट! RSS नेता इंद्रेश कुमार ने बीजेपी को बताया अहंकारी, बोले भगवान राम ने 241 पर रोका

RSS और BJP के बीच खटपट! RSS नेता इंद्रेश कुमार ने बीजेपी को बताया अहंकारी, बोले भगवान राम ने 241 पर रोका
File Photo

डेली न्यूज़ मिरर

जयपुर| 14 जून 2024| शक्ति तिवारी

लोकसभा चुनाव में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न करने के बाद भाजपा RSS के निशाने पर है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने इशारों इशारों में भाजपा को अहंकारी बताते हुए तीखे हमले किए हैं। दरअसल लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद से ही भाजपा और संघ के बीच खटपट की आहट है।

आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने बिना नाम लिए भाजपा को अहंकारी तक कह दिया। उन्होंने कहा जो अहंकारी हो गए उनको भगवान राम ने 241 पर रोक दिया। इंद्रेश कुमार ने गुरुवार को कहा राम सबके साथ न्याय करते हैं। जिस पार्टी ने भगवान राम की सेवा की और फिर अहंकारी हो गए उन्हें भगवान ने 241 पर ही रोक कर जो शक्ति उन्हें मिलनी चाहिए थी, नहीं दिया।

इंद्रेश कुमार ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर भी जमकर निशाना साधा और कहा जिन्होंने राम का विरोध किया, उन्हें भगवान ने बिल्कुल शक्ति नही दी। सब मिलकर भी नंबर 2 पर खड़े रह गए। भगवान राम का न्याय विचित्र नहीं है बल्कि सत्य और आनंददायक है। जिनकी प्रभु राम के प्रति श्रद्धा नही उनको प्रभु ने 234 सीटें ही दी। हालांकि इंद्रेश कुमार ने बिना नाम लिए भाजपा पर इशारों में कटाक्ष किया है। इसके पहले RSS चीफ मोहन भागवत ने भी लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद कुछ इसी तरह का बयान दिया था।