महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं! सीट शेयरिंग पर नाराज़ हुए मुकेश साहनी, अकेले चुनाव लड़ने के संकेत

Oct 16, 2025 - 18:02
 0
महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं! सीट शेयरिंग पर नाराज़ हुए मुकेश साहनी, अकेले चुनाव लड़ने के संकेत
फोटो: मुकेश सहनी

Daily News Mirror| Bihar Elections

Bihar News (16 October 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और राज्य की सियासत अब अपने चरम पर है। तमाम राजनीतिक दल पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारियों में जुटे हैं। लेकिन इस बीच महागठबंधन (राजद, कांग्रेस, वाम दल आदि) के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं दिख रहा है। सीट शेयरिंग को लेकर जारी मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, महागठबंधन में अब तक सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय नहीं हो पाया है। कई सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा अधर में लटकी हुई है। यही कारण है कि अंदरखाने असंतोष की खिचड़ी पक रही है। सबसे ज्यादा नाराजगी व्यक्त की जा रही है विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश साहनी की ओर से।

सूत्रों के मुताबिक, मुकेश साहनी सीट शेयरिंग के फार्मूले से नाखुश हैं। उन्हें उनकी पसंद की सीटें नहीं मिल रही हैं और वे लगातार 60 सीटों की मांग पर अड़े हुए हैं। यही नहीं, वह बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की भी मांग करते रहे हैं। हालांकि महागठबंधन के किसी भी घटक दल ने इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि अगर बात नहीं बनी तो मुकेश साहनी बहुत जल्द महागठबंधन से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर सकते हैं। साहनी ने कई बार सार्वजनिक मंचों और मीडिया इंटरव्यू में कहा है कि वह अपनी पार्टी को मजबूत स्थिति में देखना चाहते हैं और किसी के दबाव में नहीं रहना चाहते।

इसी बीच बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, “महागठबंधन मुकेश साहनी को ‘डगरा का बैगन’ बनाकर फेंकने का प्रयास कर रहा है। उनका भी एक सम्मान है, वह साहनी समाज के बड़े नेता हैं। अगर उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया तो यह उनका अपमान होगा।”

अब सबकी निगाहें मुकेश साहनी के अगले कदम पर टिकी हैं, क्या वे महागठबंधन में बने रहेंगे या फिर अकेले चुनावी मैदान में उतरकर बिहार की राजनीति में नया समीकरण बनाएंगे।।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow