मिर्जापुर-वाराणसी हाईवे पर भीषण एक्सीडेंट, दो ट्रक चालकों की मौत, खलासी की हालत नाजुक

Aug 1, 2025 - 10:05
 0
मिर्जापुर-वाराणसी हाईवे पर भीषण एक्सीडेंट, दो ट्रक चालकों की मौत, खलासी की हालत नाजुक
फोटो: घटनास्थल से

Daily News Mirror| Mirzapur 

मिर्जापुर, 01 अगस्त 2025: वाराणसी-मिर्जापुर हाईवे पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नरायनपुर चौकी के रैपुरिया गांव के पास शाम करीब 4:30 बजे हुआ। हादसे की वजह से हाईवे पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गहरवार गांव निवासी राहुल यादव (25 वर्ष), पुत्र बाबूलाल यादव, एक खाली ट्रक लेकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था। रैपुरिया गांव के पास तेज रफ्तार में उसका ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रहे दाल लदे ट्रक से जा टकराया। इस भीषण टक्कर में दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, और दोनों चालक अपने केबिन में फंस गए। दूसरे ट्रक के चालक की पहचान जिगना थाना क्षेत्र के चड़िचा गांव निवासी शशिकांत यादव (45 वर्ष) के रूप में हुई।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 100 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद दोनों चालकों के शवों को केबिन से बाहर निकाला। हादसे में दाल लदे ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण रही। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को रवाना कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। रात करीब 7:15 बजे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाकर मार्ग को सुचारु किया गया।

थानाध्यक्ष अदलहाट अमित मिश्रा ने बताया कि दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, और घायल खलासी को इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है, और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जाएगा।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow