फतेहपुर: विकास दूबे को हर हफ्ते काट रहा सांप, डेढ़ महीने में 6वीं बार बनाया शिकार, बचने के लिए मौसी के बाद चाचा के यहां भागा फिर भी सांप नहीं छोड़ रहा पीछा

फतेहपुर: विकास दूबे को हर हफ्ते काट रहा सांप, डेढ़ महीने में 6वीं बार बनाया शिकार, बचने के लिए मौसी के बाद चाचा के यहां भागा फिर भी सांप नहीं छोड़ रहा पीछा
पीड़ित विकास दूबे

Daily News Mirror

फतेहपुर | 08 जुलाई 2024| ऋषि मिश्रा 

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक अजीबो गरीब खबर सामने आई है। मालवा क्षेत्र के सौरा गांव के रहने वाले विकास दूबे के ऊपर सांप का कहर हर हफ्ते बरप रहा है। पिछले डेढ़ महीने के अंदर विकास को सांप 1-2 बार नहीं बल्कि 6 बार काट चुका है। इस घटना से परिजन समेत आस पास के लोग भी हैरान हैं। यहां तक कि उसका इलाज करने वाले डॉक्टर भी इस घटना से हैरान हैं। हालांकि हर बार विकास इलाज के बाद ठीक हो जाता है। अभी भी उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है क्योंकि सांप ने 6वीं बार विकास को काटा है।

विकास ने बताया कि पहली बार सांप ने उसे 6 जून की रात को काटा था जब वह बिस्तर से नीचे उतर रहा था। उसके बाद करीब हर हफ्ते ही उसे सांप काट ले रहा है। जिसके बाद लोगों ने उसे सलाह दी की वह कुछ दिनों के लिए कहीं दूर चला जाये। हैरान परेशान विकास लोगों की बात मानकर अपने मौसी के घर राधानगर चला गया, पर सांप ने उसका पीछा वहां भी नहीं छोड़ा और 28 जून को फिर से सांप ने उसे मौसी के घर 5वीं बार डस लिया। हालांकि इस बार भी वो इलाज के बाद बच गया और फिर वह सांप से बचने के लिए अपने चाचा के घर चला गया। फिर भी सांप ने यहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और बीते रविवार 7 जुलाई को सांप ने एक बार फिर से 6वीं बार विकास को काट लिया। जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां इलाज के बाद वह अब खतरे से बाहर है।