प्रयागराज: महाकुंभ मेला प्रशासन के आदेश से नाराज नाविकों ने यमुना नदी में कर दिया चक्का जाम
Daily News Mirror
प्रयागराज| 12 जनवरी 2025| दुर्गा प्रसाद मिश्रा
प्रयागराज में महाकुंभ मेला प्रशासन के एक आदेश से नाराज नाविकों ने यमुना नदी में चक्का जाम कर दिया। इस चक्का जाम के कारण ढाई घंटे तक नावों का संचालन बंद हो गया। यह घटना शनिवार की सुबह हुई जब नाविकों को मेला प्रशासन के आदेश के बारे में पता चला। आदेश में कहा गया था कि नाविक संगम के आसपास के घाटों से दूर हो जाएं और बलुआ घाट और गऊ घाट में नावें लगाएं। इसके बाद से नाविक नाराज हो गए और नदी में चक्का जाम कर दिया।
नाविक संघ के अध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने बताया कि हर कुंभ की तरह इस महाकुंभ में भी उन्हें तीर्थयात्रियों को यमुना घाट से संगम स्नान कराने के लिए नाव से ले जाने दिया जाए। लेकिन प्रशासन के आदेश से नाविक नाराज हो गए और नदी में चक्का जाम कर दिया। इस चक्का जाम के कारण सुबह करीब 10 से दोपहर 12:30 तक यमुना नदी में नावों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया। प्रशासनिक नावों व स्टीमरों को भी आने- जाने नहीं दिया गया।
जब हड़कंप मचा तो बातचीत के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी नाविक संघ के नेताओं के पास पहुंचे। पप्पू लाल निषाद और संघ के उपाध्यक्ष संजीव निषाद समेत अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में जल पुलिस के सीओ रजनीश और प्रभारी जनार्दन साहनी के साथ वार्ता हुई। इसके बाद आदेश वापस हुआ और नावों का संचालन बहाल हुआ।
What's Your Reaction?