मिर्जापुर: वीडियो कॉल पर पति से बात करते हुए महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
Daily News Mirror
Mirzapur| 18 March 2025| Sachin Kumar
मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। जहां एक 32 वर्षीय महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के पीछे की वजह ब्लैकमेलिंग बताई जा रही है। 10 वर्ष पूर्व महिला की शादी कटरा कोतवाली स्थित मोहल्ले में हुई थी। मृत महिला का पति कर्नाटक में ट्रक चलाने का काम करता है।
महिला के परिजनों ने बताया कि वह अपने पति से मोबाइल पर वीडियो कॉल करते हुए घर से 100 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास पहुंची और ट्रेन के आगे कूद गई जिससे गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी होते ही मृत महिला के परिजन भी वहां पहुंच गए। मीडिया से महिला के देवर ने बात करते हुए बताया कि घर पर पड़ोस से एक युवक का आना-जाना था, फिर धीरे धीरे मोबाइल पर उनका बात-चीत शुरू हो गई। इसी बीच पड़ोसी युवक ने महिला का अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिया था। अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पिछले कुछ दिनों से वह महिला को ब्लैकमेल करने लगा था।
महिला ने आत्महत्या करने से पहले अपने मोबाइल पर एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने पड़ोसी युवक पर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करने की बात कही है। महिला के परिजनों ने आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?