मित्रों ने ही युवक पर रॉड से किया आत्मघाती हमला, पुलिस जांच में जुटी युवक की हालत सामान्य
Daily News Mirror
मिर्जापुर| 29 अगस्त 2024| आशीष तिवारी
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के देवहट गांव के खरका बस्ती में बुधवार की देर रात गांव के केवटान बस्ती निवासी 35 वर्षीय अनिल बिंद अपने साथी छठी लाल कोल, लाल बाबू और लाइसन के साथ शराब पी रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर अनिल बिंद और उसके साथियों से आपस में कहासुनी हो गई जहां तीनों ने मिलकर अनिल के ऊपर लोहे की राड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिए और मौके से भाग निकले। गुरुवार सुबह गांव के बगीचे की तरफ शौच के लिए गए ग्रामीणों ने युवक को करहाते हुए देखा, युवक लहुलुहान होकर घायलावस्था में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी। गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस सेवा 108 से घायल युवक को उपचार हेतु सीएचसी लालगंज ले गए जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज अरविंद कुमार सरोज ने घटना की जांच पड़ताल करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया और मामले की जानकारी सीओ लालगंज को दी। सुबह सवा दस बजे घटनास्थल पर पहुंचकर सीओ लालगंज अमर बहादुर ने ग्रामीणों और घायल युवक की पत्नी से घटना के संबंध में पूछताछ की। युवक पर किस बात को लेकर उसके साथियों ने हमला किया इसकी जानकारी नही हो पा रही है वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि यह घटना प्रेम प्रसंग को लेकर हुई है। युवक पर हमला करने वाले तीनों युवक आपस में मित्र थे और अक्सर एक साथ घूमते फिरते थे। इस संबंध में सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?