कोनिया में बिजली संकट: लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से जनता त्रस्त
Daily News Mirror
Bhadohi| 08 April 2025| Jitendra Pandey
भदोही। कोनिया क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने आम जनता के बीच हाहाकार मचा दिया है। गर्मी की शुरुआत के साथ ही सीतामढ़ी फीडर पर बिजली संकट गहराता जा रहा है, जिससे लोग भीषण गर्मी में त्रस्त हो गए हैं। बिजली कटौती के कारण बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है। पंखे और कूलर बंद होने से गर्मी असहनीय हो गई है, वहीं पानी की किल्लत और मच्छरों की समस्या ने रातों की नींद छीन ली है।
स्थानीय निवासी अंकित सिंह ने बताया कि तुलसीकला गांव में सीतामढ़ी फीडर से विद्युत आपूर्ति सुबह 4 बजे से बिना किसी पूर्व सूचना के बाधित कर दी गई। यह सिलसिला 15 से 18 घंटे तक चल रहा है, जिससे लोगों का सब्र जवाब दे रहा है। संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क करने पर पता चला कि वह छुट्टी पर हैं, लेकिन सवाल यह है कि इतने लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने का कारण और उसका समाधान क्यों नहीं हो रहा? यह स्थिति बिजली विभाग की उदासीनता को उजागर करती है।
लोगों का कहना है कि जहां एक ओर सरकार बिजली आपूर्ति बढ़ाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर सीतामढ़ी फीडर के कर्मचारी इसे कम करने में लगे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही यह संकट और गंभीर होने की आशंका है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लें और समय रहते ठोस कदम उठाएं, ताकि आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के बीच जनता को और कष्ट न झेलना पड़े।
बिजली विभाग की लापरवाही और अघोषित कटौती ने कोनिया की जनता को परेशानी में डाल दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है।
What's Your Reaction?