भदोही: सात यात्रियों सहित गंगा में समाया सवारी ऑटो, घटिया पीपा पुल निर्माण बना हादसे का कारण

नाविकों और स्थानीय लोगों की तत्परता से कोई भी हताहत नहीं

Mar 31, 2025 - 14:38
Mar 31, 2025 - 15:18
 0
भदोही: सात यात्रियों सहित गंगा में समाया सवारी ऑटो, घटिया पीपा पुल निर्माण बना हादसे का कारण
फोटो: गंगा में समाहित ऑटो रिक्शा

Daily News Mirror

Bhadohi| 31 March 2025| Jitendra Pandey

भदोही जिले के कोनिया क्षेत्र में धनतुलसी डेंगुरपुर गंगा घाट पर बने पीपा पुल से एक सवारी ऑटो सात यात्रियों सहित गंगा नदी में जा गिरा। यह हादसा उस समय हुआ जब ऑटो भदोही से प्रयागराज की ओर जा रहा था और डेंगुरपुर की तरफ की चढ़ाई पर ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन पीपा पुल के घटिया निर्माण और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 

स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) की सांठगांठ के चलते पीपा पुल का निर्माण कार्य बेहद लापरवाही से किया गया है। पुल पर लोहे की चद्दरें ठीक नहीं होने के कारण वाहनों के टायर फटने की घटनाएं आम हैं, वहीं दोनों तरफ की चढ़ाई पर रास्ता संकरा और असुरक्षित होने से वाहन अक्सर पलट जाते हैं और नदी में गिर जाते हैं। इस घटना के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से ऑटो को नदी से बाहर निकाला गया।

पिछले साल मिर्जापुर के एक बाइक सवार ने ठेकेदार के खिलाफ घटिया निर्माण कार्य को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद उसी विवादित ठेकेदार को इस साल फिर से पीडब्लूडी भदोही से टेंडर मिल गया। लोगों का कहना है कि ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत के चलते हर साल निर्माण में लापरवाही बरती जाती है। पीपा पुल के लिए हर साल बड़ा बजट आवंटित होता है, लेकिन अधिकांश धन की बंदरबांट होने के आरोप लगते हैं। नतीजतन, रोजाना इस पुल से गुजरने वाले यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ती है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि पीडब्लूडी के अधिकारी और ठेकेदार किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। इस घटना में "जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय" वाली कहावत तो चरितार्थ हुई, लेकिन हर बार भाग्य के भरोसे नहीं रहा जा सकता। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow