मिर्जापुर: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

ट्रक चालक मौके पर फरार

Dec 27, 2025 - 16:43
 0
मिर्जापुर: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
फोटो: घटनास्थल से

Daily News Mirror| Mirzapur News 

मिर्जापुर (नितेश बिंद्रा): उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। कटरा कोतवाली क्षेत्र के मुहकोचवा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश प्रजापति (40 वर्ष) के रूप में हुई है। महेश मिठाई बनाने का काम करते थे और उनके परिवार में चार बेटियां तथा एक बेटा है।

घटना की जानकारी के अनुसार, महेश प्रजापति मार्केट से सामान लेकर घर लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक में फंस गई और कुछ दूर तक घसीटते हुए चली गई। महेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मृतक के शव को सड़क पर रखकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों का गुस्सा ट्रक में उतरा और उन्होंने ईंट-पत्थर चलाकर ट्रक में तोड़फोड़ की। जब पुलिस ने तोड़फोड़ करने वालों को पकड़ने की कोशिश की तो पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ विवेक जावला और कटरा प्रभारी बैद्यनाथ सिंह खुद मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महेश परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow