UPITS 2025: भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का एकमात्र रास्ता है आत्मनिर्भर भारत- पीएम मोदी

Sep 25, 2025 - 17:00
 0
UPITS 2025: भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का एकमात्र रास्ता है आत्मनिर्भर भारत- पीएम मोदी
UPITS 2025 का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

Daily News Mirror| Greater Noida

Greater Noida News (25/09/2025): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट (India Expo Mart) में 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (Uttar Pradesh International Trade Show 2025) का शानदार आयोजन होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन आज यानी बृहस्पतिवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तमाम गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर दुनिया भर से आए उद्यमियों, निवेशकों, निर्यातकों और उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की नई औद्योगिक और व्यापारिक पहचान को स्थापित करेगा, इस बार 2200 से अधिक निर्यातक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। रूस हमारे इस UPITS का कंट्री पार्टनर के रूप में शामिल हुआ है। यह साझेदारी भारत की वैश्विक व्यापार यात्रा को और मजबूती प्रदान करेगी।

आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर

ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि, भारत 2047 तक विकसित देश बनने के अपने लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि वैश्विक स्तर पर हो रही अनिश्चितता के बावजूद भारत की आर्थिक ग्रोथ आकर्षक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियां हमें नई दिशा खोजने और नए अवसर तलाशने का मौका देती हैं।

आत्मनिर्भर भारत ही भविष्य की नींव

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आने वाले दशकों की नींव मजबूत कर रहा है। इसके लिए उनका संकल्प और मंत्र ‘आत्मनिर्भर भारत’ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूसरों पर निर्भर रहने से देश की व्यवस्था कमजोर होती है और विकास की गति धीमी पड़ती है। पीएम मोदी ने कहा कि बदलती दुनिया में जो देश ज्यादा दूसरों पर निर्भर रहेगा, उसकी ग्रोथ उतनी ही प्रभावित होगी। इसलिए भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है।

भारत में उत्पादों का निर्माण और स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि हर वह प्रोडक्ट जो भारत में बनाया जा सकता है, उसे भारत में ही बनाना होगा। उन्होंने निवेशकों और उद्योग जगत से अपील की कि वे अपने व्यवसाय और उत्पादन को भारत में स्थापित करें। पीएम मोदी ने कहा कि यह न केवल आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि देश की रणनीतिक स्वतंत्रता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करेगा। इस प्रकार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का आगाज आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हुआ।।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow