कहीं समोसे बड़े कहीं छोटे, दाम में इतनी असमानता क्यों?, रवि किशन ने संसद में कानून बनाने की कर दी मांग

Jul 31, 2025 - 10:35
 0
कहीं समोसे बड़े कहीं छोटे, दाम में इतनी असमानता क्यों?, रवि किशन ने संसद में कानून बनाने की कर दी मांग
लोकसभा में मानसून सत्र के दौरान बोलते हुए सांसद रवि किशन

Daily News Mirror| New Delhi 

नई दिल्ली: भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने लोकसभा में एक अनोखे मुद्दे को उठाते हुए सरकार से भोजनालयों में खाद्य पदार्थों, खासकर समोसे जैसे लोकप्रिय व्यंजनों की कीमत और गुणवत्ता को नियंत्रित करने के लिए कानून बनाने की मांग की है। उन्होंने शून्यकाल के दौरान कहा कि देशभर के विभिन्न रेस्तरां और दुकानों में एक ही व्यंजन की कीमतों और गुणवत्ता में भारी अंतर देखने को मिलता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।

रवि किशन ने उदाहरण देते हुए बताया कि कहीं एक समोसा छोटा होता है तो कहीं बड़ा, लेकिन उनकी कीमतों में कोई एकरूपता नहीं है। उन्होंने कहा, "कुछ दुकानों पर दाल तड़का 100 रुपये में मिलता है, कहीं 120 रुपये में, तो किसी होटल में वही 1,000 रुपये में। समोसे का भी यही हाल है। कहीं 10 रुपये में छोटा समोसा मिलता है, तो कहीं 50 रुपये में बड़ा। यह अंतर आम आदमी के लिए भ्रम पैदा करता है।" उन्होंने सरकार से मांग की कि खाद्य पदार्थों की कीमत, मात्रा और गुणवत्ता को नियंत्रित करने वाला एक कानून बनाया जाए ताकि उपभोक्ताओं को किफायती दामों पर अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन मिल सके।

यह मांग संसद में चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि खाद्य पदार्थों की कीमतों में असमानता देशभर में एक आम समस्या है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का कानून लागू करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि खाद्य उद्योग में कई कारक जैसे कच्चे माल की कीमत, स्थान, और रेस्तरां का प्रकार कीमतों को प्रभावित करते हैं। हालांकि, रवि किशन की इस मांग ने आम लोगों के बीच इस मुद्दे पर बहस छेड़ दी है।

विपक्षी दलों ने इस मांग पर मिश्रित प्रतिक्रिया दी है। कुछ सांसदों ने इसे जनता की रोजमर्रा की समस्याओं से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने इसे व्यावहारिक रूप से लागू करने में कठिनाई की बात कही। कांग्रेस के एक सांसद ने कहा, "यह विचार अच्छा है, लेकिन इसे लागू करने के लिए एक मजबूत नीति और निगरानी तंत्र की जरूरत होगी।

सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है। कई यूजर्स ने समोसे की कीमतों में अंतर को लेकर मजेदार टिप्पणियां कीं, तो कुछ ने रवि किशन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में और भी गंभीर समस्याएं हैं लेकिन की इन्हें समोसे की पड़ी है। वहीं एक यूजर ने लिखा, "अगर समोसे की कीमत एकसमान हो जाए, तो यह आम आदमी के लिए बड़ी राहत होगी!"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow