भदोही: कोनिया में पक्के पुल की घोषणा के बाद विधायक विपुल दूबे का भव्य स्वागत, जश्न में डूबा क्षेत्र
भदोही: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया भदोही दौरे ने जिले को विकास की कई सौगातें दीं, लेकिन कोनिया क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी रही गंगा नदी पर डेंगूरपुर घाट पर पक्के पुल के निर्माण की स्वीकृति। इस मांग को पूरा कराने में स्थानीय विधायक विपुल दूबे की अहम भूमिका रही, जिसके बाद कोनिया क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद विधायक विपुल दूबे का काफिला कोनिया पहुंचा, जहां लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कोनिया क्षेत्र के कोइरौना बाजार, सीतामढ़ी गेट, बनकट, कटरा बाजार, खेमापुर, इटहरा, कुड़ी कला, भभौरी, मवैयाथानसिंह, धनतुलसी, कलातुलसी, महरछ, हरिरामपुर और डेंगूरपुर घाट पर हजारों लोगों ने फूल-मालाओं, अबीर-गुलाल और मिठाइयों के साथ विधायक का स्वागत किया। लगभग 6 किलोमीटर लंबे रोड शो में डीजे की धुनों पर लोग झूमते नजर आए। भीड़ ने विधायक को कंधों पर उठाकर और गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। रात करीब 9 बजे यह काफिला डेंगूरपुर घाट के पास पीपा पुल पर पहुंचा, जहां विधायक विपुल दूबे ने गंगा पूजन किया और जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पक्के पुल की घोषणा के लिए बार-बार आभार जताया।
कोनिया क्षेत्र में पक्का पुल कई दशकों से स्थानीय लोगों की मांग थी। यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा और भदोही जिला मुख्यालय से 41 किलोमीटर दूर इस ग्रामीण इलाके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा। सांसद डॉ. विनोद बिंद ने भी 9 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मांग को जोरदार तरीके से उठाया था, जिसके बाद यह स्वीकृति मिली।
जनसभा में विधायक ने कहा, "यह पक्का पुल कोनिया के लोगों के लिए न केवल एक बुनियादी ढांचा है, बल्कि यह क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार बनेगा। मैं इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।" स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल बनने से गंगा नदी पार करने के लिए 55 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने की समस्या खत्म होगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
इस अवसर पर कोनिया क्षेत्र में होली-दिवाली जैसा उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए विधायक विपुल दूबे की सक्रियता और मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता की सराहना की। यह पक्का पुल न केवल कोनिया को जिला मुख्यालय से जोड़ेगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
What's Your Reaction?