भदोही में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत

औराई कोतवाली क्षेत्र के तिउरी गांव के पास हुई दुर्घटना

Apr 8, 2025 - 13:10
 0
भदोही में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत
फोटो: घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
Bhadohi| 08 April 2025| Roshan Tiwari 
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के तिउरी गांव के पास वाराणसी-प्रयागराज हाईवे (एनएच-19) की उत्तरी लेन सर्विसलेन पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक ही परिवार के थे और महराजगंज बाजार से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अमन (22), रिंकू (24) और अमित (22) के रूप में हुई है, जो वासुदेवपुर गांव के निवासी थे। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। तिउरी गांव के पास वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ फरार हो गया।
औराई थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतकों में से एक युवक, अमन, की शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार को लड़की पक्ष के लोग उसे देखने आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow