शौर्यगाथा: गणतंत्र दिवस पर 1132 वीर प्रहरियों को किया जाएगा सम्मानित

डेली न्यूज मिरर नई दिल्ली (25 जनवरी 2024)

शौर्यगाथा: गणतंत्र दिवस पर 1132 वीर प्रहरियों को किया जाएगा सम्मानित

देश 26 जनवरी को अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस, अग्निशमन सेवा, होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा और सुधार सेवा के कुल 1132 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी गृह मंत्रालय की ओर से गुरुवार को दी गई है।

गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक (पीएमजी) दो को और वीरता पदक (जीएम) 275 कर्मियों को प्रदान किया गया है। 277 वीरता पुरस्कारों में से अधिकांश में, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के 119 कर्मियों, जम्मू और कश्मीर क्षेत्र के 133 कर्मियों और अन्य क्षेत्रों के 25 कर्मियों को उनकी वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए सम्मानित किया जा रहा है।

गृह मंत्रालय ने बताया कि 277 वीरता पदकों में से जम्मू-कश्मीर पुलिस के 72 कर्मियों, महाराष्ट्र के 18 पुलिसकर्मियों, छत्तीसगढ़ के 26 पुलिसकर्मियों, झारखंड के 23 पुलिसकर्मियों, ओडिशा के 15 पुलिसकर्मियों, दिल्ली के 8 पुलिसकर्मियों, सीआरपीएफ के 65 पुलिसकर्मियों, एसएसबी से 21 कर्मियों को प्रदान किए गए हैं। शेष कर्मी अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से हैं।

गृह मंत्रालय ने बताया कि विशिष्ट सेवा के लिए 102 राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) में से 94 पुलिस सेवा, 4 अग्निशमन सेवा और 4 नागरिक सुरक्षा एवं होम गार्ड सेवा को प्रदान किए गए हैं। सराहनीय सेवा (एमएसएम) के लिए 753 पदकों में से 667 पुलिस सेवा को, 32 अग्निशमन सेवा को, 27 नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड सेवा को और 27 सुधार सेवा को प्रदान किए गए हैं।