मिर्जापुर में महाकुंभ की भीड़ का कहर: 24 घंटे में 6 लाख वाहन गुजरे, जाम की समस्या से जन जीवन अस्त-व्यस्त
करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी
Daily News Mirror
मिर्जापुर| 11 फरवरी 2025| आशीष पांडेय
मिर्जापुर। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान मिर्जापुर में भारी जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले 24 घंटे में मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे से 6 लाख से ज्यादा वाहन गुजरे हैं, जिससे जाम की समस्या और भी गंभीर हो गई है। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जहां हजारों वाहन अभी भी जाम में फंसे हुए हैं। महाकुंभ में गंगा स्नान के बाद झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश जाने वाले यात्री मिर्जापुर-प्रयागराज राजमार्ग का प्रयोग कर रहे हैं।
वाहनों का दबाव बढ़ जाने के बाद मां विंध्यवासिनी धाम के पास जाम लग गया है। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में पिछले 4 दिनों से भक्तों की भीड़ में भारी वृद्धि हुई है। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद भक्त मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन करते हैं और काशी के लिए रवाना हो जाते हैं। अचानक से भीड़ बढ़ जाने के बाद मां विंध्यवासिनी धाम में लाखों की संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। जिस वजह से मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जाम लग गया है। माघ पूर्णिमा के बाद 2 दिनों तक ऐसे ही भीड़ बने रहने का अनुमान है। जाम की वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मिर्जापुर जिले में जाम की स्थिति इसलिए बनी क्योंकि चुनार और सोनभद्र की ओर से आने वाले वाहनों का सामना प्रयागराज से लौट रहे वाहनों से हो रहा है। वाहन चालकों द्वारा अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने से स्थिति और बिगड़ रही है। हालांकि प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बरौधा तिराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पिछले 26 घंटे में प्रयागराज जाने और वहां से आने वाले वाहनों का आंकड़ा 6 लाख पार कर गया। इसके कारण प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर दिन-रात वाहनों की कतारें लगी रहीं। ऐसे में चंद किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को घंटों लग रहे हैं।
What's Your Reaction?