विंध्याचल: तीर्थ पुरोहित के खाते में गलती से आए डेढ़ करोड़ रुपए, तीर्थ पुरोहित ने दरियादिली दिखाते हुए वापस लौटाया

विंध्याचल: तीर्थ पुरोहित के खाते में गलती से आए डेढ़ करोड़ रुपए, तीर्थ पुरोहित ने दरियादिली दिखाते हुए वापस लौटाया
फोटो: मां विंध्यवासिनी मंदिर, मिर्जापुर

Daily News Mirror

विंध्याचल, मिर्जापुर| 30 अगस्त 2024| राज तिवारी

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के विंध्याचल के पुरोहित के खाते में अचानक से 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपए आ गए। दरअसल मनी कैपिटल लिमिटेड कम्पनी के एक श्रद्धालु ने गलती से श्री मां विंध्यवासिनी सेवा समिति के खाते में इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी थी। तीर्थ पुरोहित ने दरियादिली दिखाते हुए मात्र 24 घंटों के अंदर ही पैसों को वापस कर दिया। जिसके बाद पुरोहित के इस कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है।

विंध्याचल धाम में रहने वाले पुरोहित मोहित मिश्रा और बादल मिश्रा का SBI में श्री मां विंध्यवासिनी सेवा समिति संस्था के नाम से ज्वाइंट अकाउंट है। 27 अगस्त को लगभग 3 बजे दिन में उनके खाते में एक श्रद्धालु के द्वारा गलती से करीब डेढ़ करोड़ रुपए आ गए। दरअसल श्रद्धालु ने 11000 रुपए दान दिए थे। उसी दौरान उमेश शुक्ला नाम के श्रद्धालु ने फोन कर के गलती से इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर होने की जानकारी पुरोहित को दी। उस दिन सायं बैंक बंद हो जाने के कारण अगले दिन पुरोहित ने चेक के माध्यम से पैसे वापस कर दरियादिली का बड़ा उदाहरण पेश किया है।