राज्यसभा में पीएम मोदी का शानदार संबोधन, एक क्लिक में पढ़ें पीएम के संबोधन के महत्वपूर्ण अंश

राज्यसभा में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई महत्वपूर्ण बातों का जिक्र किया

राज्यसभा में पीएम मोदी का शानदार संबोधन, एक क्लिक में पढ़ें पीएम के संबोधन के महत्वपूर्ण अंश
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

डेली न्यूज मिरर

नई दिल्ली,7 फरवरी 2024

बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कई महत्वपूर्ण बातों का जिक्र किया। पीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की चुटकी भी ली और वहीं आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के 40 का आंकड़ा पार नहीं करने की बात भी कही।

पीएम मोदी के संबोधन के प्रमुख अंश:

• आज मध्यम वर्ग के लाखों बच्चे पढ़ने के लिए विदेश चले जाते हैं। मैं वो स्थिति देश में लाना चाहता हूं कि मेरे बच्चों के लाखों रुपये बच जाएं। बेस्ट से बेस्ट यूनिवर्सिटी मेरे देश में हो, उच्चतम शिक्षा उन्हें देश में ही मिले।

• एक राष्ट्र हमारे लिए सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि हम सबके लिए एक प्रेरणा देने वाली इकाई है। हिंदुस्तान के किसी भी कोने में दर्द हो तो पीड़ा सबको होनी चाहिए। अगर शरीर का एक अंग काम नहीं करता है तो पूरा शरीर अपंग माना जाता है। देश का कोई अंग विकास से वंचित रह जाएगा तो भारत विकसित नहीं हो पाएगा। लेकिन आज राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को तोड़ने वाली भाषाएं बोली जा रही हैं।

• हमने G20 की एक बैठक दिल्ली में की, तो अलग-अलग राज्यों में 200 से अधिक बैठकें की गईं। ये गलती से नहीं, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से किया गया। हर राज्य को एक्सपोजर देने के लिए किया गया।

• आज भी मेरा मंत्र है देश के विकास के लिए राज्य का विकास। हम राज्यों के विकास से ही देश का विकास कर पाएंगे। 

• मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि राज्य अगर एक कदम चलता है तो हम दो कदम चलेंगे। मैंने तो हमेशा कहा कि हमारे राज्यों के बीच में सकारात्मक सोच के साथ चलने की जरूरत है।

• LIC को लेकर भी ऐसी अफवाह फैलाई गई। मैं सीना तानकर सुनाना चाहते हूं, आज LIC के शेयर रिकॉर्ड स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं।

• जिस BSNL को कांग्रेस ने तबाह करके छोड़ा था, वो आज मेड इन इंडिया 4जी, 5जी की ओर आगे बढ़ रहा है और दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। 

• HAL के लिए इतने भ्रम फैलाए, आज रिकॉर्ड मैन्युफैक्चरिंग और रेवेन्यू जनरेट कर रहा है। कर्नाटक में एशिया की सबसे बड़ी हेलीकॉप्टर बनाने वाली कंपनी HAL है। कहां छोड़ा था, कहां हमने पहुंचाया है।

• उच्च शिक्षा में आज SC विद्यार्थियों का नामांकन 44% बढ़ा है। उच्च शिक्षा में ST विद्यार्थियों का नामांकन 65% बढ़ा है। OBC विद्यार्थियों के नामांकन में 45% की बढ़ोतरी हुई है। जब मेरे गरीब, दलित, पिछड़े, वंचित और आदिवासी परिवार के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगे, तो समाज में एक नया वातावरण पैदा होगा।

•कांग्रेस के एक मार्गदर्शक अमेरिका में बैठे हुए हैं। जो कांग्रेस परिवार के बहुत करीबी हैं। उन्होंने अभी-अभी संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर के योगदान को छोटा करने का भरपूर प्रयास किया है।

• SC/ST और OBC को बड़ी भागीदारी देने में कांग्रेस और साथियों को हमेशा परेशानी रही है। बाबा साहब के विचारों को खत्म करने में कोई कसर इन्होंने नहीं छोड़ी। उनको भारत रत्न भी देने की तैयारी नहीं थी, वो भी जब भाजपा के समर्थन से दूसरी सरकार बनी तो बाबा साहब को भारत रत्न दिया गया।

• नेहरू जी ने जो कहा वो कांग्रेस के लिए हमेशा से पत्थर की लकीर होता है। दिखावे के लिए आप कुछ भी कहें, लेकिन आपकी सोच ऐसे कई उदाहरणों से सिद्ध होती है। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के SC/ST, OBC को सात दशकों तक उनके अधिकारों से वंचित रखा।

• नेहरू जी कहते थे कि अगर SC/ST, OBC को नौकरी में आरक्षण मिला तो सरकारी कामकाज का स्तर गिर जाएगा।

आज जो ये आंकड़े गिनाते हैं, उसका मूल यहीं है। अगर उस समय सरकार में भर्ती हुई होती, तो वो प्रमोशन के बाद आगे बढ़ते और आज यहां पहुंचते।

• एक बार नेहरू जी ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें लिखा था कि मैं (नेहरू जी) किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता और खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं जो अकुशलता को बढ़ावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए। इसी के आधार पर मैं कहता हूं कि कांग्रेस आरक्षण की जन्मजात विरोधी है।

• राष्ट्रपति जी ने अपने अभिभाषण में विस्तार से 4 सबसे बड़ी जातियों के विषय में हम सबको संबोधित किया था। ये 4 जातियां हैं - युवा, नारी, गरीब और हमारे अन्नदाता। हम जानते हैं कि इनकी समस्याएं और सपने एक समान है। इन चारों वर्गों की समस्याओं के समाधान के रास्ते भी एक समान ही हैं।

• मैं (नरेंद्र मोदी) खड़गे जी का विशेष आभार प्रकट करता हूं।बीमैं उस दिन इन्हें बहुत ध्यान और आनंद से सुन रहा था।

लोकसभा में मनोरंजन की जो कमी हमें खल रही थी, वो इन्होंने पूरी कर दी थी।

• हम बड़े धैर्य और नम्रता के साथ आपके एक-एक शब्द को सुनते रहे हैं। लेकिन आप आज भी न सुनने की तैयारी के साथ आए हैं। परंतु मेरी आवाज को आप दबा नहीं सकते। देश की जनता ने इस आवाज को ताकत दी है। इसलिए मैं भी इस बार पूरी तैयारी के साथ आया हूं।

• पश्चिम बंगाल से चुनौती आई है कि कांग्रेस 40 पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं।

• मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि कांग्रेस पार्टी सोच से भी outdated हो गई है। जब सोच ही outdated हो गई है, तो इन्होंने अपना कामकाज भी आउटसोर्स कर दिया है। देखते ही देखते इतना बड़ा दल, इतने दशकों तक देश पर राज करने वाले दल का ऐसा पतन! हमें खुशी नहीं हो रही बल्कि हमारी आपके प्रति संवेदनाएं हैं।

• जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से आई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर भी ताले लगाने की कोशिश की थी, अब देश को तोड़ने का नैरेटिव उस कांग्रेस ने गढ़ना शुरू कर दिया है। अब देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दिए जा रहे हैं।

• जिस कांग्रेस ने OBC को पूरी तरह कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने सामान्य वर्ग के गरीबों को कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न के योग्य नहीं माना, केवल अपने परिवार को भारत रत्न देते रहे। वो अब हमें उपदेश दे रहे हैं, वो अब हमें सामाजिक न्याय का पाठ पढ़ा रहे हैं।

• सब जानते हैं कि आजादी के बाद भी देश में गुलामी की मानसिकता को किसने बढ़ावा दिया। अगर आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे, तो अंग्रेजों की बनाई दंड संहिता कांग्रेस ने क्यों नहीं बदली।।