क्रिकेट मैदान के बाद अब चुनावी मैदान में फील्डिंग सजाएंगे ये दिग्गज खिलाड़ी, पिता को मिली बड़ी जिम्मेदारी
पटना (05 मई 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election 2025) की तैयारियां जोरों पर हैं और सभी पार्टियां अपनी-अपनी चालें चल रही हैं। इस बार जेडीयू ने बड़ा सियासी दांव खेला है। टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ईशान किशन के पापा प्रणव कुमार पांडेय को पार्टी ने खास जिम्मेदारी सौंपी है।
नीतीश कुमार की टीम में मिली जगह
रविवार, 4 मई 2025 को जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने प्रणव पांडेय को राजनीतिक सलाहकार की भूमिका में नियुक्त किया। बताया जा रहा है कि वे अक्टूबर 2024 में ही जेडीयू में शामिल हुए थे। तब भी उनकी एंट्री को लेकर चर्चाएं गर्म थीं। अब उन्हें पार्टी की रणनीतिक टीम का हिस्सा बनाकर बड़ा संदेश दिया गया है।
नीतीश कुमार की नीतियों से हुए प्रभावित
मीडिया से बात करते हुए प्रणव पांडेय ने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार की साफ छवि और हर वर्ग के विकास की सोच ने काफी प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “पार्टी और राज्य के हित में जो भी ज़िम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।”
क्या चुनाव लड़ेंगे प्रणव पांडेय?
जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वे आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने वाले हैं, तो उन्होंने सीधे तौर पर इनकार या पुष्टि नहीं की। उनका कहना था, “यह पार्टी तय करेगी, मैं पूरी निष्ठा से हर जिम्मेदारी निभाऊंगा।”
ईशान किशन करेंगे प्रचार?
प्रणव पांडेय से जब बेटे ईशान किशन के प्रचार में शामिल होने की बात पूछी गई, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “अगर ईशान को क्रिकेट से थोड़ा समय मिला, तो वह जरूर प्रचार में हिस्सा लेगा।”
बिहार की सियासत में 'क्रिकेट कनेक्शन'
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्रिकेट फैंस के बीच मशहूर नाम ‘ईशान किशन’ का असर बिहार की राजनीति पर कितना पड़ता है। जेडीयू का ये कदम चुनावी समीकरणों में कितना असर लाएगा, यह आने वाला वक्त बताएगा।।
What's Your Reaction?