भदोही में दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई दो बाइक, दो युवकों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल
दोनों बाइकों पर तीन-तीन लोग थे सवार
भदोही, 27 अप्रैल 2025: भदोही जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोढ़ पुलिस चौकी के सियरहां नई बस्ती में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एमबीएस अस्पताल में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार, एक भारी लोडेड ट्रक सुरियावां से भदोही की ओर जा रहा था। इसी दौरान सियरहां नई बस्ती में विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक, जिस पर तीन लोग सवार थे, तेज रफ्तार में ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक असंतुलित होकर सड़क पर लहराने लगा। इसी बीच पीछे से आ रही एक अन्य बाइक भी ट्रक से जा भिड़ी। दोनों बाइकों पर तीन-तीन लोग सवार थे। हादसे में उमेश यादव (25) पुत्र मोतीलाल, निवासी उगापुर, औराई, भदोही और करन कन्नौजिया (28) पुत्र राजेंद्र कन्नौजिया, निवासी कस्तूरीपुर, मोढ़, भदोही की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों में समरजीत यादव (23) पुत्र शोभनाथ यादव, निवासी चकचंदा, सुरियावां, रंजीत (28) पुत्र देवीशंकर, निवासी जद्दूपुर, औराई, और यश कुमार (20) पुत्र अरुण सिंह, निवासी चौकाघाट, वाराणसी की पहचान हुई है। चौथे घायल, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष है, की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को राजकीय एंबुलेंस से एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। भदोही कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?