सांसदों के वेतन में 24% की बढ़ोत्तरी, जानें अब आपके सांसद कितनी पाते हैं सैलरी और सुविधाएं
Daily News Mirror
New Delhi| 24 March 2025| Roshan Tiwari
सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के वेतन में 24% की बढ़ोतरी की है। अब सांसदों को हर महीने 1.24 लाख रुपये मिलेंगे, जो पहले 1 लाख रुपये था। इसके अलावा, सांसदों को मिलने वाले दैनिक भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें हर दिन 2,500 रुपये मिलेंगे, जो पहले 2,000 रुपये थे। यह बढ़ोत्तरी 1 अप्रैल 2023 से लागू की गई है।
पूर्व सांसदों की पेंशन में भी बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें हर महीने 31,000 रुपये मिलेंगे, जो पहले 25,000 रुपये थे। इसके अलावा, पांच साल से अधिक की सेवा के लिए अतिरिक्त पेंशन भी 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है।
सांसदों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं में शामिल हैं:
निर्वाचन क्षेत्र भत्ता: सांसदों को अपने क्षेत्र में ऑफिस चलाने और लोगों से मिलने-जुलने के लिए 70 हजार रुपये का भत्ता मिलता है।
ऑफिस भत्ता: सांसदों को ऑफिस के खर्च के लिए 60 हजार रुपये महीना मिलता है।
संसद सत्र भत्ता: सांसदों को संसद सत्र के दौरान हर दिन 2 हजार रुपये का भत्ता मिलता है।
फोन और इंटरनेट भत्ता: सांसदों को हर साल फोन और इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए भी भत्ता मिलता है।
फ्री डोमेस्टिक फ्लाइट: सांसद अपने और अपने परिवार के लिए साल में 34 फ्री डोमेस्टिक फ्लाइट में सफर कर सकते हैं।
फर्स्ट क्लास ट्रेन यात्रा: सांसद काम के लिए या निजी तौर पर कभी भी फर्स्ट क्लास में ट्रेन से यात्रा कर सकते हैं।
ईंधन का खर्च: सांसदों को सड़क से यात्रा करने पर भी ईंधन का खर्च मिलता है।
मुफ्त बिजली और पानी: सांसदों को हर साल 50 हजार यूनिट बिजली और 4 हजार किलोलीटर पानी भी मुफ्त मिलता है।
आवास सुविधा: सरकार सांसदों के रहने का भी इंतजाम करती है। सांसदों को दिल्ली में 5 साल के लिए बिना किराए के घर मिलता है।
What's Your Reaction?