गाजीपुर में होटल मालिक के बेटे की गोली मारकर हत्या, रंगदारी न देने का आरोप; बियर के बहाने किया हमला

May 31, 2026 - 12:18
 0
गाजीपुर में होटल मालिक के बेटे की गोली मारकर हत्या, रंगदारी न देने का आरोप; बियर के बहाने किया हमला
फोटो: रोते बिलखते परिजन

Daily News Mirror| Gazipur News

गाजीपुर। शुक्रवार रात को सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रसिद्ध होटल बिंदु में रंगदारी न देने के कारण होटल कारोबारी आलोक राय के 29 वर्षीय बेटे विनीत राय की चार नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमला होटल के मुख्य गेट पर तब हुआ जब विनीत घर जाने के लिए निकल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दो बाइकों पर सवार चारों बदमाश रात करीब 11 बजे होटल पहुंचे। उन्होंने गेट पर ड्यूटी कर रहे गार्ड शंभू से बियर मांगी। गार्ड ने बताया कि बियर उपलब्ध है। बदमाशों ने पहले 16 बियर मांगी, फिर पैसे देने में टालमटोल किया और ऑनलाइन पेमेंट का बहाना बनाया। इसी दौरान विनीत होटल से बाहर निकले और अपनी कार की ओर बढ़े। तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और दो पिस्तलों से फायरिंग शुरू कर दी।


विनीत को हाथ, कमर और सीने में कुल चार गोलियां लगीं। गार्ड को भी मारने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागकर बच निकला। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गार्ड की सूचना पर होटल मालिक आलोक राय पहुंचे और घायल विनीत को जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


परिवार का आरोप
शोक संतप्त पिता आलोक राय ने शंकर पांडेय नाम के अपराधी पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “रंगदारी नहीं देने पर उसने मेरे बेटे की हत्या करवा दी। मैं हर साल एक करोड़ रुपये टैक्स सरकार को देता हूं, फिर भी मेरा परिवार सुरक्षित नहीं है।”


परिवार की पृष्ठभूमि
आलोक राय और उनके भाई अरविंद राय ने वर्ष 2012 में करीब एक बीघे जमीन पर होटल बिंदु का निर्माण कराया था। होटल में 50 कमरे हैं। विनीत राय एमएससी और डी.फार्मा की पढ़ाई पूरी करने के बाद होटल का पूरा मैनेजमेंट संभाल रहे थे। वे होटल के रेनोवेशन का काम भी करवा रहे थे। उनकी शादी पिछले साल 18 मई को हुई थी और मात्र दो महीने की एक बेटी है।


पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और आरोपित शंकर पांडेय समेत अन्य बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे गाजीपुर में सनसनी फैल गई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow