सीएम योगी का मिर्जापुर दौरा: विंध्याचल मंदिर में दर्शन के बाद जिले के अधिकारियों को सख्त निर्देश, प्लास्टिक-मुक्त और सुरक्षित धाम पर जोर
जानें सीएम योगी के मिर्जापुर दौरे की प्रमुख बातें
Daily News Mirror| मिर्जापुर | 17 मार्च 2026
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मिर्जापुर स्थित विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन कर आगामी वासंतिक नवरात्र मेला की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। हेलीकॉप्टर से मोतिया झील हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के साथ उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की।
इसके बाद अष्टभुजा डाक बंगले में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया।
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र और पूरे मिर्जापुर शहर को पूर्णतः प्लास्टिक-मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी प्लास्टिक की थैली दिखाई नहीं देनी चाहिए। साथ ही नगर पालिका और पंचायती राज विभाग को घाटों एवं मेला क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्था की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से सौंपी जाए। स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण अनिवार्य करने, घाटों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा विंध्याचल को स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत करने पर बल दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री ने महिलाओं सहित सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। गंगा घाटों पर एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की तैनाती और लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया। इसके अतिरिक्त पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था कर पैदल दूरी कम करने तथा बस और रेलवे स्टेशनों सहित प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण और सफाई कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने और अवैध गतिविधियों विशेषकर गो-तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुराने राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण और स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं उद्यमियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर, घाटों, पाथवे और पार्किंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने Maa Vindhyavasini State University (देवरी कला, मड़िहान) का दौरा कर निर्माण कार्यों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ से बातचीत करते हुए उन्होंने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ विकास और व्यवस्थागत सुधार का संकेत देता है। आगामी चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर प्रशासन को उच्च स्तर पर तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मिर्जापुर को स्वच्छ, सुरक्षित और संगठित धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
What's Your Reaction?