मिर्जापुर जिम धर्मांतरण मामले का छठवां आरोपी इरशाद गिरफ्तार, भदोही GRP में हेड कांस्टेबल के पद पर था तैनात

मीरजापुर में लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण रैकेट का बड़ा खुलासा

Jan 22, 2026 - 19:16
Jan 22, 2026 - 19:17
 0
मिर्जापुर जिम धर्मांतरण मामले का छठवां आरोपी इरशाद गिरफ्तार, भदोही GRP में हेड कांस्टेबल के पद पर था तैनात
फोटो: गिरफ्तार इरशाद खान और मीडिया को ब्रीफ करते एसपी मिर्जापुर

Daily News Mirror| Mirzapur News| Nitesh Bindra

मीरजापुर, 22 जनवरी 2026: जनपद मीरजापुर पुलिस ने थाना कोतवाली देहात में दर्ज जबरन धर्मांतरण, ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण से जुड़े सनसनीखेज मामले में अब तक की सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। इस रैकेट में शामिल एक सक्रिय पुलिसकर्मी – भदोही जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल इरशाद खां को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह छठी गिरफ्तारी है, जिससे मामला और गहरा होता दिख रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला जिमों के बहाने युवतियों को फंसाने, दोस्ती का नाटक कर सेल्फी/फोटो लेकर ब्लैकमेल करने, एआई से फर्जी तस्वीरें बनाकर दबाव डालने और फिर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का है। पीड़ित युवतियों ने तहरीर में आरोप लगाया था कि आरोपी जिम ट्रेनरों के जरिए संपर्क बनाते, आकर्षित करते और फिर पैसे ऐंठते तथा इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर करते थे। नगद लेन-देन और कैश में बंटवारा होने की बात भी सामने आई है।

प्रकरण की जांच में पहले पांच अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके थे, जिनमें मुख्य आरोपी फरीद अहमद शामिल है, जिसे 22 जनवरी को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया था। फरीद ने भागने के दौरान पुलिस पर फायरिंग की कोशिश की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में गोली चलाई गई और उसका बायां पैर घायल हुआ।

अब छठी गिरफ्तारी में भदोही जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल इरशाद खां पुत्र शेराज खां (निवासी बारा, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 40 वर्ष) को पकड़ा गया है। पूछताछ और मोबाइल डेटा विश्लेषण से पता चला कि इरशाद इस गिरोह का महत्वपूर्ण सदस्य था। गिरोह में जिम संचालक और ट्रेनरों की मुख्य भूमिका बताई जा रही है, जिसमें इमरान, जहीर, अली शेख, फरीद और इरशाद जैसे नाम प्रमुख हैं।अब तक गिरफ्तार अभियुक्त:

  1. मोहम्मद शेख अली आलम (31 वर्ष, नटवां मिल्लत नगर, कोतवाली कटरा)
  2. फैजल खान (34 वर्ष, गोसाई तालाब, कोतवाली शहर)
  3. जहीर (32 वर्ष, 39वीं वाहिनी पीएसी रोड, कोतवाली देहात) – केजीएन-01 जिम मालिक
  4. शादाब (36 वर्ष, हाल पता साईं गार्डेन हयातनगर, मूल सुल्तानपुर)
  5. फरीद अहमद (28 वर्ष, पक्की सराय घंटाघर, कोतवाली शहर) – मुठभेड़ में गिरफ्तार
  6. इरशाद खां (40 वर्ष, बारा, थाना गहमर, गाजीपुर) – हेड कांस्टेबल, भदोही जीआरपी

बरामदगी में 6 मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा (315 बोर), जिंदा और खोखा कारतूस शामिल हैं। साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए केजीएन-01, केजीएन-02, केजीएन-03 और आयरन फायर जैसे जिम सील कर दिए गए हैं।

एसएसपी मीरजापुर सोमेन बर्मा ने चार पुलिस टीमों (एसओजी, कोतवाली देहात, शहर और कटरा) के गठन के बाद गहन जांच कराई। सराहनीय कार्य के लिए टीम को 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी व्हाट्सएप कॉल, सोशल मीडिया से संपर्क रखते थे ताकि ट्रेस न हो। जांच जारी है और दो टीमें अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हैं। मामले में बीएनएस की धारा 74, 308(5), 352, 351(2) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत कार्रवाई हो रही है।

यह घटना यूपी में जिमों को लव जिहाद और धर्मांतरण के अड्डे के रूप में इस्तेमाल करने के आरोपों को और मजबूत करती है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी शिकायत तुरंत दर्ज कराने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow