मिर्जापुर में गंगा का कहर! बाढ़ का खतरा फिर मंडराया, 10 सेंटीमीटर प्रति घंटे से बढ़ रहा जलस्तर
Daily News Mirror| Mirzapur
मिर्जापुर, संवाददाता। जिले में गंगा एक बार फिर उफान पर है, और इस बार उसका रौद्र रूप देख हर कोई सहम गया है! सोमवार सुबह से गंगा का जलस्तर हर घंटे 10 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। शाम चार बजे तक जलस्तर 73.170 मीटर तक पहुंच चुका है, जो खतरे के निशान से महज 3.55 मीटर नीचे है। अगर यही रफ्तार रही, तो अगले 24 घंटों में गंगा का जलस्तर 2.5 मीटर और बढ़ सकता है, जिससे कोन, छानबे, मझवां, सीखड़, नरायनपुर और पहाड़ी ब्लॉक के दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस सकता है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई मूसलाधार बारिश और बांधों से छोड़ा गया पानी गंगा के इस तांडव का कारण बन रहा है। तटवर्ती गांवों में रहने वाले लोग दहशत में हैं, क्योंकि गंगा का पानी फिर से उनके खेतों और घरों की ओर बढ़ रहा है। कोन ब्लॉक के गांवों के सीवान में बाढ़ का पानी दोबारा दस्तक देने को तैयार है। इतना ही नहीं, गंगा की सहायक नदियां—छानबे ब्लॉक में कर्णावती, सिटी ब्लॉक में ओझला और पहाड़ी ब्लॉक में खजुरी नदी—भी उफान पर हैं। मंगलवार शाम तक इन नदियों के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने की आशंका ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है।
गंगा के इस उग्र रूप को देख प्रशासन भी हरकत में आ गया है। बाढ़ कंट्रोल रूम में पल-पल की खबर रखी जा रही है, और हर किसी की नजर गंगा के बढ़ते जलस्तर पर टिकी है। क्या मिर्जापुर एक बार फिर बाढ़ की चपेट में आएगा? यह सवाल हर किसी के मन में कौंध रहा है!
What's Your Reaction?