मिर्जापुर: थानाध्यक्ष का बड़ा फर्जीवाड़ा, रैंकिंग सुधारने के लिए खुद की शिकायत कर निस्तारण, एसएसपी ने किया निलंबित
Mirzapur, Friday, 27 June 2025
मिर्जापुर जिले के राजगढ़ थाने में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) पोर्टल पर अपनी रैंकिंग सुधारने के लिए फर्जी शिकायतें दर्ज कर उनका निस्तारण करवाया। इस कारनामे की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सोमेन बर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण के आधार पर थानों की रैंकिंग तय की जाती है। राजगढ़ थाना पहले कई बार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका था, लेकिन हाल ही में जारी रैंकिंग में इसका प्रदर्शन कमजोर रहा। रैंकिंग सुधारने के लिए थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने अपने ही मोबाइल नंबर से धमकी, गाली-गलौज जैसे मामलों में तीन फर्जी शिकायतें दर्ज कीं। इसके बाद उन्होंने अपने थाने के एक दरोगा से इन शिकायतों की जांच करवाकर उनका निस्तारण भी करवा दिया। निस्तारण की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि शिकायतकर्ता संतुष्ट हैं, ताकि रैंकिंग में बेहतर अंक प्राप्त हो सकें।
हालांकि, इस फर्जीवाड़े की सूचना किसी ने एसएसपी सोमेन बर्मा को दे दी। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ ऑपरेशन मुनेंद्र पाल को सौंपी। जांच में शिकायतें और निस्तारण की प्रक्रिया फर्जी पाई गई, जिसके बाद गुरुवार को थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल को निलंबित कर दिया गया। एसएसपी ने बताया कि इस तरह की गलत हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
अपराध नियंत्रण में नाकामी पर चार थानाध्यक्षों का तबादला
इसके साथ ही, जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए एसएसपी ने अपराध नियंत्रण में नाकाम रहने वाले जमालपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज को लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा विंध्याचल, राजगढ़, और कछवां थानों के प्रभारियों का तबादला कर दिया गया। विंध्याचल थानाध्यक्ष अमित कुमार को जमालपुर, अहरौरा थाने के उपनिरीक्षक वैद्यनाथ सिंह को विंध्याचल, कछवां थानाध्यक्ष रणविजय सिंह को राजगढ़, और साइबर थाने के निरीक्षक अमरजीत चौहान को कछवां थानाध्यक्ष बनाया गया है।
एसएसपी सोमेन बर्मा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों के निस्तारण, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, और फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?