बागेश्वर धाम से लौटते वक्त एक ही परिवार के 7 लोगों ने गाड़ी में जहर खाकर की आत्महत्या
पंचकूला, 27 मई 2025: हरियाणा के पंचकूला में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। देहरादून के एक ही परिवार के सात सदस्यों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह परिवार बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा में शामिल होने के लिए पंचकूला आया था। मंगलवार, 27 मई 2025 को सुबह पंचकूला के सेक्टर-27 में सड़क किनारे खड़ी एक कार में सभी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी, उनके तीन मासूम बच्चे और दो बुजुर्ग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार भारी कर्ज से परेशान था, जिसे इस दुखद कदम का कारण माना जा रहा है।
पुलिस को सुबह करीब 1 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-27 में एक मकान के सामने खड़ी कार में कुछ लोग बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खोला तो सात शव मिले। कार देहरादून नंबर की थी, जिसके आधार पर मृतकों की पहचान देहरादून निवासी प्रवीण मित्तल(42), उनकी पत्नी, तीन बच्चों और प्रवीण के माता-पिता के रूप में हुई। पुलिस ने सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर थी। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
सुसाइड नोट में परिवार ने कर्ज से परेशान होने की बात लिखी थी। पुलिस की जांच के अनुसार, प्रवीण मित्तल देहरादून में टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते थे, जो हाल के समय में घाटे में चल रहा था। कर्ज का बोझ बढ़ने के कारण परिवार मानसिक तनाव में था। यह परिवार बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा में शामिल होने के लिए पंचकूला आया था और कथा समाप्त होने के बाद देहरादून लौटने की तैयारी में था।
What's Your Reaction?