IITian बाबा अभय सिंह को जूना अखाड़ा ने किया बैन, अखाड़े ने उन्हें पढ़ा लिखा पागल बताया
अखाड़े ने उन पर गुरु को गाली देने का लगाया आरोप
Daily News Mirror
प्रयागराज| 21 जनवरी 2025| दुर्गा प्रसाद मिश्रा
महाकुंभ 2025 में 'IITan बाबा' नाम से प्रसिद्धि पाने वाले अभय सिंह को जूना अखाड़ा कैम्प से बैन कर दिया गया है। अखाड़ा के प्रवक्ता ने उन्हें 'पढ़ा-लिखा पागल' बताया है और अपने गुरु को गाली देने का आरोप लगाया है।
जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि ने बताया कि अभय सिंह महंत सोमेश्वर गुरु के साथ प्रयागराज में महाकुंभ में पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने गुरु के ख़िलाफ़ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके कारण उन्हें अखाड़े के शिविर और उसके आसपास आने से बैन कर दिया गया है।
अभय सिंह ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने अखाड़ा तब छोड़ा, जब इसके सदस्यों ने उन्हें वहां रहने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी प्लानिंग अखाड़े में चार-पांच दिन रुकने और इसके कामकाज को देखने की थी, लेकिन प्रसिद्धि मिलने के बाद 'सब कुछ ग़लत' हो गया।
अभय सिंह, जिन्हें 'IITan बाबा' के नाम से जाना जाता है, ने IIT-बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी और कुछ समय के लिए कनाडा में एक एयरप्लेन मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में काम किया था। उन्होंने कथित तौर पर 3 लाख रुपये प्रति माह कमाए थे।
अखाड़े के प्रवक्ता नारायण गिरि ने बताया कि अभय सिंह का कृत्य गुरु-शिष्य परंपरा और संन्यास के ख़िलाफ़ है। उन्होंने कहा कि अखाड़े में अनुशासन सर्वोपरि है और जो गुरु के प्रति सम्मान नहीं रखता, वो सनातन धर्म के प्रति भी सम्मान नहीं रख सकता।
What's Your Reaction?