हलिया: अज्ञात वाहन की टक्कर से गोवंश घायल, प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर कराया उपचार
हलिया, मिर्जापुर| 22 अप्रैल 2025| आशीष तिवारी
हलिया विकास खंड के हलिया बाजार में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जब भारत गैस एजेंसी के पास एक छुट्टा गाय को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई और सड़क पर तड़पने लगी। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल गाय को पानी पिलाया और तुरंत इसकी सूचना खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय शंकर त्रिपाठी को दी।
सूचना मिलते ही बीडीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सक डॉ. कमलेश को गाय के इलाज के निर्देश दिए। साथ ही, ग्राम सचिव कौशलेंद्र राय को गाय को उपचार के बाद नजदीकी पशु आश्रय स्थल में भर्ती कराने का आदेश दिया। ग्राम सचिव ने तत्परता दिखाते हुए घायल गाय का उपचार करवाया और उसे टेम्पो के माध्यम से हलिया के अस्थाई गोशाला में सुरक्षित पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने खंड विकास अधिकारी और ग्राम सचिव की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जमकर सराहना की। ग्रामवासियों ने ग्राम सचिव कौशलेंद्र राय को विशेष रूप से धन्यवाद दिया, जिन्होंने गाय की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस घटना ने प्रशासन की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पशु कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
What's Your Reaction?