अलीगढ़: बेटी की शादी से मात्र 9 दिन पहले सास अपने होने वाले दामाद के साथ फरार
सास और होने वाले दामाद की फरारी ने मचाया हड़कंप: शादी से पहले टूटा बेटी का सपना
अलीगढ़, 10 अप्रैल 2025: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के मडराक थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती। यहां एक महिला अपनी बेटी की शादी से ठीक पहले अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई। इस अनोखे मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला अपने साथ ढाई लाख रुपये नकद और कीमती गहने भी ले गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। बेटी की शादी 16 अप्रैल को होने वाली थी, लेकिन अब यह सपना अधूरा रह गया है।
जानकारी के अनुसार, चार महीने पहले इस महिला ने अपनी बेटी का रिश्ता तय किया था। होने वाला दामाद घर पर अक्सर आता-जाता था और इस दौरान उसकी सास से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता मोहब्बत में बदल गया। बताया जा रहा है कि दामाद ने अपनी सास को एक मोबाइल फोन भी गिफ्ट किया था, जिसके जरिए दोनों चोरी-छिपे घंटों बातें करते थे। परिवार वालों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घटना उस समय सामने आई जब शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। घर में मेहमान आने शुरू हो गए थे और बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन शादी से नौ दिन पहले ही सास और दामाद अचानक गायब हो गए। परिवार वालों ने पहले तो उन्हें ढूंढने की कोशिश की, लेकिन जब पता चला कि घर से ढाई लाख रुपये और सोने-चांदी के गहने भी गायब हैं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पीड़ित परिवार ने मडराक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार जोड़े की तलाश में जुट गई है। परिवार का कहना है कि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि सास और दामाद के बीच ऐसा कुछ चल रहा था। बेटी की हालत रो-रोकर बुरा हो गया है, वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
What's Your Reaction?