भदोही में नेशनल हाईवे पर भीषण ट्रक हादसा, चालक और खलासी की मौत
Daily News Mirror| Bhadohi, UP
भदोही, 25 जुलाई 2025: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में एक ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना ऊंज थाना क्षेत्र के नवधन गांव के पास नौधन पेट्रोल पंप के निकट हुई। हादसे के बाद हाईवे की दक्षिणी लेन पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, सावन माह के चलते हाईवे की उत्तरी लेन कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित थी, जिसके कारण सभी भारी वाहनों का आवागमन केवल दक्षिणी लेन से हो रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे दो ट्रकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक ट्रक में बैटरी व एक में प्याज लदा था। हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवेंद्र यादव (40 वर्ष) निवासी चकिया चंदौली एवं महेंद्र यादव (45 वर्ष) निवासी कानपुर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ज्ञानपुर सर्किल के प्रभारी निरीक्षक रमाकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाया और जाम को खुलवाया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय पुलिस ने पंचायतनामा सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?